गुवाहाटी : असम-मेघालय कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और  राज्य के मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा आज बुधवार को आधिकारिक रूप से अपनी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। दूसरी ओर उनकी जगह नवनियुक्त मुख्यसचिव पवन बठाकुर ने अपना पदभार संभाल लिया। उल्लेखनीय है कि जिष्णु बरुवा ने राज्य के मुख्य सचिव के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले असम सरकार और केंद्र सरकार दोनों के तहत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया था। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को राज्य के निवर्तमान मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा से असम सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने बरुवा को फुलाम गामोछा से अभिनंदित किया। निवर्तमान मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा ने भी फुलाम गामोछा से मुख्यमंत्री का भी अभिनंदन किया। सीएम डॉ. शर्मा ने एक कुशल अधिकारी के रूप में तीन दशकों से अधिक समय तक राज्य के प्रशासन में बरुवा के अपार योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने निवर्तमान मुख्य सचिव को उनके भविष्य के जीवन में अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार जब भी सलाह और मार्गदर्शन के लिए उनसे संपर्क करेगी, वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे। मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु, नवनियुक्त मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव समीर कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। अपराह्न में पवन कुमार बरठाकुर ने राज्य के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले बरठाकुर ने निवर्तमान मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा को विदाई दी। नवनियुक्त मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर का भी निवर्तमान मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा और मुख्य सचिव कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभिनंदन किया।