गुवाहाटी : ग्वालपाड़ा जिले के लखीपुर थानांतर्गत बाउरारतल गांव के अल्फा (स्वतंत्र) के कैडर सैफुल इस्लाम उर्फ रिहन असम को उक्त प्रतिबंधित संगठन ने शिविर से भागने के आरोप में बुधवार तड़के गोली मारकर हत्या कर दी। अल्फा ने युवक की हत्या के संबंध में मीडिया को एक बयान जारी किया और रिहन असम का एक वीडियो भी प्रेषित किया, जिसमें उसे अपनी गलती स्वीकार करते हुए दिखा गया है। बयान में अल्फा के निचली अदालत के मुख्य अध्यक्ष ब्रिगेडियर एजेड शिरोनाम असम का कहना है कि उक्त सदस्य ने एक सरल मानवीय दृष्टिकोण के साथ संगठन की ओर से आत्म-सुधार हेतु पेश किए सुनहरे अवसर को बार-बार ठुकरा दिया। उसने अपने व्यक्तिगत पहचान पत्र में फर्जी तथ्य शामिल करके संगठन के साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश की। इसलिए संगठन की निचली अदालत ने फैसला सुनाया कि सदस्य के अपराध अक्षम्य थे और बुधवार को उसे मौत की सजा दी गई। अल्फा (स्वतंत्र)के प्रेस बयान में कहा गया कि अल्फा की इस्टर्न कमान के मुख्य कार्यालय स्थित कॉर्पोरल रिहन असम गत 28 जुलाई की रात 8 बजे शिविर से भाग गया था। अगली सुबह 5 बजे अल्फा गश्ती दल ने उसे धर दबोचा। निचली अदालत के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता में 9 और 10 अगस्त को सदस्य की सुनवाई हुई। सदस्य ने आरोपों को स्वीकार किया और भविष्य में स्व-सुधार के माध्यम से संगठन की सेवा जारी रखने के लिए लिखित और ऑडियो-विजुअल वादे किए। इसलिए उसके सभी पहलुओं पर विचार करके फिर से हल्की सजा के साथ अल्फा में सेवा करने का अवसर दिया गया, परंतु सदस्य 23 अगस्त को फिर शिविर से फरार हो गया लेकिन उसी शाम को उसे फिर से धर दबोचा गया, लेकिन मुख्यालय के रास्ते में वह अचानक पहाड़ से फिर कूदकर भागने की कोशिश की। भागने की तीसरी कोशिश के बाद 25 अगस्त को उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। 30 अगस्त को निचली अदालत की अध्यक्षता वाली एक अन्य न्यायपीठ के सामने रिहन असम ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, उसने कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ गुपचुप तरीके से शामिल होने और नागा फ्री जोन में आने की बात भी कबूल की। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह देशभक्ति के लिए नहीं, बल्कि व्यक्तिगत लाभ और बदला लेने के लिए ही संगठन में शामिल हुआ था। अपराधी के स्पष्ट स्वीकारोक्ति के आधार पर संगठन के संविधान के प्रावधानों के अनुसार आत्मसमर्पण करने के षड्यंत्रकारी प्रयास और गुमराह करने के अपराध में सदस्य को मृत्युदंड से दंडित किया गया।
अल्फा (स्वाधीन) ने रिहन असम को दी मौत की सजा