मालीगांवः रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस)/एनएफ परिमंडल ने 30 अगस्त, 2022 को न्यू बंगाईगांव और बिजनी स्टेशनों के बीच बिछायी गई नई दोहरी लाइन का रणनीतिक निरीक्षण पूरा किया। बिछायी गयी इस दूसरी लाइन का उपयोग 110 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति के साथ माल और यात्री परिवहन के लिए किया जाएगा। न्यू बंगाईगांव-आगियाठरी भाया रंगिया दोहरीकरण परियोजना की संपूर्ण लंबाई 142.97 किलोमीटर है। न्यू बंगाईगांव से बिजनी के बीच पूरा खंड 17.53 कि.मी. का है। रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस)/एनएफ परिमंडल द्वारा 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गति परीक्षण किया गया। इस दोहरी लाइन की मजबूत ट्रैक संरचना के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग किया गया है, जैसे सभी व्यापक आधार प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट (पीएससी) स्लीपरों और थिक वेब स्विचेज, जो प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट स्लीपरों पर मजबूत स्विच की नयी डिजाइन है और उच्च गति को संभाल सकती है। पूरी परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 2042 करोड़ रुपये है। उल्लेखनीय है कि दोहरी लाइन स्थापन से स्टेशनों पर स्टॉप-ओवर क्रॉसिंग के बिना दोनों दिशाओं में ट्रेनों की आवाजाही की जा सकेगी, जिससे ट्रेनों की समयबद्धता बढ़ेगी। अधिक ट्रेनें बढ़ी हुई गति के साथ चलायी जा सकती है। बिजनी से आगियाठरी तक शेष अनुभाग को दिसंबर, 2023 तक चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। न्यू बंगाईगांव-आगियाठरी भाया रंगिया पूरे खंड में 75 बड़े पुल, 38  छोटे पुल और 19 नए स्टेशन भवन होंगे। इस संपूर्ण अनुभाग के पूरा होने पर पूर्वोत्तर कनेक्टिविटी को काफी बढ़ावा मिलेगी। उपरोक्त जानकारी पूसी रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे की ओर से यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई है।