मालीगांव : पूसी रेल माल परिवहन में सुधार और बेहतर ग्राहक इंटरफेस प्रदान करने के लिए विभिन्न पहल कर रही है। ऐसी पहलों में, जुलाई, 2022 के दौरान जावक और आवक माल परिवहन के संचालन के लिए कुछ और स्टेशनों को खोला गया है। इसके अलावा, जुलाई, 2022 के दौरान नौ गुड्स शेडों को पब्लिक प्राइवेट पाटर्नरशिप (पीपीपी) मोड के तहत विकसित करने के प्रस्ताव प्राप्त हुए है। ग्राहक इंटरफेस में सुधार और माल परिवहन में वृद्धि के लिए 9 जुलाई, 2022 से कोयला, पीओएल, पशुधन, विस्फोटक और क्रेन की खेप को छोड़कर कटिहार मंडल के अंतर्गत मोहितनगर स्टेशन को जावक और आवक दोनों माल परिवहन के लिए खोल दिया गया है। साथ ही, पीपीपी मोड के तहत मोहितनगर स्टेशन को ग्रीनफील्ड गुड्स स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। इसके अलावा रंगिया मंडल के तहत हारमती स्टेशन को आवक स्टील पाइप की खेप (क्रेन की खेप) के संचालन के लिए अस्थायी तौर पर 27 जुलाई, 2022 से छह महीने की अवधि के लिए खोला गया है। पहले इसे 22 जुलाई, 2014 से कोयला, पीओएल, पशुधन, विस्फोटक और क्रेन की खेप को छोड़कर जावक और आवक दोनों माल यातायात के संचालन के लिए खोला गया था। इसके अलावा 29 मार्च, 2022 को लामडिंग मंडल के अधीन मयनारवंद में पहला गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) चालू किया गया। एक और जीसीटी तिनसुकिया मंडल के अधीन सिनामारा स्टेशन में भी चालू कर दिया गया है। पूसी रेल पांच मंडलों में अपने क्षेत्राधिकार के अधीन बिहार और पश्चिम बंगाल के हिस्सों के अलावा असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड, सिक्किम राज्यों में पीपीपी मोड के तहत लगभग 36 गुड्स शेडों को विकसित करने की योजना बना रही है। पूसी रेल में गुड्स शेड के लिए पीपीपी मॉडल से माल परिवहन कारोबार में वृद्धि की उम्मीद है। विभिन्न पहलों के परिणामस्वरूप, पू. सी. रेल के विभिन्न फ्रेट टर्मिनल में जुलाई 2022 के दौरान रिकॉर्ड 1176 फ्रेट रेक को अनलोड किया गया, जो पिछले साल इसी महीने में 989 था। यह लगभग 18.90 प्रतिशत का सुधार है।