नई दिल्ली : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के अनुसार 26 अगस्त को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.007 बिलियन अमरीकी डॉलर घटकर 561.046 बिलियन अमरीकी डॉलर हो गया है।इससे पहले 19 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में यह भंडार 6.687 बिलियन अमरीकी डॉलर घटकर 564.053 बिलियन अमरीकी डॉलर हो गया था। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए साप्ताहिक सांख्यिकीय अनुपूरक के अनुसार 26 अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा आस्तियो (एफसीए) के भंडार में कमी दर्ज की गई है। बता दें कि एफसीए कुल मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक है। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार एफसीए में बीते में  2.571 बिलियन अमरीकी डॉलर की कमी आई। यह घटकर 498.645 बिलियन रह गया है। बता दें कि विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों के अंतर्गत विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमरीकी इकाइयों करेंसीज आती हैं। इनकी कीमत डॉलर के आधार पर तय की जाती है। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार 26 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश का स्वर्ण भंडार 39.643 बिलियन डॉलर का रह गया है। इसमें 271 मिलियन डॉलर की कमी आई है। उपरोक्त हफ्ते के दौरान एसडीआर में भी 155 मिलियन डॉलर की कमी आई है। यह घटकर 17.832 बिलियन रह गई है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ रिजर्व की स्थिति में भी 26 अगस्त को समाप्त हुए हफ्ते के दौरान 10 मिलियन डॉलर की कमी आई है। यह घटकर 4.926 बिलियन अमरीकी डॉलर रह गई है।