गुवाहाटी : भारत की दूसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय अन्वेषण और उत्पादन कंपनी, ऑयल इंडिया लिमिटेड (ऑयल) के निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में अशोक दास ने 2 सितंबर को संस्थान के नोएडा कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि अशोक दास इससे पहले आयल में कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यरत थे। राजनीति विज्ञान में स्नातक और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) में परास्नातक अशोक दास ने 1989 में आयल के साथ एक कार्यकारी प्रशिक्षु के रूप में अपना करियर शुरू किया और तीन दशकों से अधिक की अवधि में उन्होंने अपनी प्रतिभा से अधिग्रहण, प्रदर्शन प्रबंधन, मुआवजा प्रबंधन, कर्मचारी संबंध, वेतन वार्ता, प्रशिक्षण और विकास, एचआरआईएस आदि आयल के विविध मानव संसाधन कार्यों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी प्रदर्शन-केंद्रित जन-केंद्रित नेतृत्व शैली के लिए जाने जाने वाले अशोक दास ने ऑयल में मानव संसाधन कार्यों को सफलतापूर्वक प्रबंधित किया है और कई प्रगतिशील मानव संसाधन पहल जैसे आईटी-सक्षम एचआर प्रथाओं की शुरूआत, मानव संसाधन प्रणालियों को सुव्यवस्थित करना और पारदर्शिता और निष्पक्षता बढ़ाने के लिए नीतियों का सुचारू कार्यान्वयन किया है। उन्होंने ऑनलाइन प्रदर्शन प्रबंधन प्रणाली को डिजाइन और कार्यान्वित करने में मानव संसाधन टीम का नेतृत्व किया। श्री दास ने आयल में कई कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों का भी नेतृत्व किया है और गुवाहाटी में कौशल विकास संस्थान की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कॉटन कॉलेज और गौहाटी विवि के पूर्व छात्र श्री दास एक पूर्व राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉलर और एक नाट्य कलाकार के रूप में कई पुरस्कार और प्रशंसा अर्जित कर चुके हैं।