बलरामपुर : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बलरामपुर पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिया है कि आगामी शारदीय नवरात्रि पर किसी भी सड़क, पार्क या सार्वजनिक स्थल पर कोई भी मूर्ति नहीं रखी जाए। श्रद्धालु अपने-अपने घरों या निजी परिसर में ही मूर्ति रखकर पूजा अर्चना करें ताकि किसी भी आने जाने वालों को समस्या न आने पाए। सीएम योगी शुक्रवार को बलरामपुर के तुलसीपुर देवी पाटन मन्दिर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भारत नेपाल खुली सीमा से शारदीय नवरात्रि पर कोई बाहरी शक्तियां गड़बड़ी न पैदा कर सकें इसके लिए खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरतें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सितंबर माह में भी बाढ़ की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है। अधिकारी अभी से ही नाव आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। बाढ़ राहत चौकियों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई की समस्या न आने पाए। सरयू नहर परियोजना में जहां माइनर नहीं है वहां के लिये नए माइनर बनवाने के लिये प्रस्ताव दिए जाएं। उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि थानों पर आने वाली शिकायतों को सुनकर उनका जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों की जगह जेल है। किसी भी अपराधी को बक्सा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शरीफ व्यक्तियों के साथ किसी भी दशा में खराब व्यवहार नहीं किया जाए अधिकारी यह सुनिश्चित कराए। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि जल्द से जल्द स्वास्थ्य एटीएम की व्यवस्था की जाए, ताकि गरीबों को आसानी से दवाएं उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री के तुलसीपुर पहुंचने पर जिलाधकारी डॉ. महेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना विधायक पलटूराम, तुलसीपुर के विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने स्वागत किया । उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।