वाराणसी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि जनता से संपर्क और संवाद के जरिये अगला निकाय और लोकसभा चुनाव जीतेंगे। रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में भूपेंद्र चौधरी का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने काशी क्षेत्र, महानगर और जिले की संयुक्त बैठक में भी भाग लिया। बैठक के बाद भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की धरती पर आकर और उनके दर्शन पाकर अभिभूत हूं। कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा जताया है उस भरोसे पर हम अपने कर्मठ कार्यकर्ताओ के दम पर शत-प्रतिशत खरा उतरेंगे और आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले राजनीतिक दल दो तिहाई बहुमत के लिए संघर्ष करते थे लेकिन पिछले दो लोकसभा और दो विधानसभा चुनाव में जनता ने मोदीजी और योगीजी के कुशल नेतृत्व पर भरोसा करते हुए हमें दो तिहाई की जगह तीन चौथाई से जीत दर्ज करवाई है। भाजपा सरकार अपने ऐजेंडे पर चलते हुए उत्तर प्रदेश को दंगामुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, भयमुक्त समाज देने में सफल रही है। यूपी विकास की नई ऊचाइयों को छू रहा है। भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता संपर्क और संवाद के माध्यम से सरकार की उपलब्धियो को जन-जन तक पहुंचाकर आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व परिणाम लाएंगे।
भूपेंद्र चौधरी बोले- संपर्क - संवाद से यूपी में निकाय और लोस चुनाव जीतेगी भाजपा