नई दिल्ली : बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना आज दिल्ली में हैं। इस दौरान वे प्रसिद्ध सूफी संत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर भी पहुंची। यहां उन्होंने मत्था टेककर आशीर्वाद मांगा। बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ एके अब्दुल मोमेन प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ भारत नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि बीमारी के चलते वह यहां आने में असमर्थ थे। वहीं, बांग्लादेश की मीडिया का दावा है कि हाल के दिनों में उनकी अनुचित टिप्पणियों के कारण पीएम शेख हसीना उन्हें अपने साथ नहीं लाईं हैं। कहा ये भी जा रहा है कि विदेश मंत्री का नाम ग्यारहवें घंटे में प्रधानमंत्री के साथ आने वाले दल के सदस्यों की सूची से बाहर किया गया था। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दिल्ली में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच कई मुद्दों पर चर्चा भी हुई। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान भारत से खाद्य आपूर्ति, नेपाल और भूटान माल भेजने की अनुमति की मांग कर सकती हैं। मेहमान पीएम के अजमेर जाने की भी संभावना है। हसीना अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगी। साथ ही वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर वार्ता करेंगी। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच वार्ता के दौरान लंबित और नियमित द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा दक्षिण एशिया में रक्षा सहयोग और स्थिरता के मुद्दे पर सबसे अधिक जोर रहेगा। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना आज से चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। वह दिल्ली पहुंच चुकी हैं। भारत में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।
बांग्लादेश की पीएम हसीना पहुंची भारत, विदेश मंत्री के साथ की बैठक