सीकर : नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने साल 2023 के चुनाव में किसानों को एकजुट रहकर सत्ता पर कब्जा करने की बात भी कही है। बेनीवाल ने कहा, जब-जब किसान और युवाओं के साथ कोई अन्याय हुआ, तब-तब हनुमान बेनीवाल ही अकेला लड़ाई लड़ा। किसान आंदोलन में मंत्री पद त्याग दिया। वहीं, अग्निपथ योजना के विरोध में जोधपुर में लाखों युवाओं के साथ रैली कर केंद्र सरकार को भी चेतावनी दी। आरएलपी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा, सांगलिया में होने वाले इस आयोजन के लिए मैं तमाम आयोजकों को तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। हमें वीर तेजाजी के आदर्श राजस्थान की राजनीति में स्थापित करने हैं, जिस तरह भगवान राम ने अपने वचन के लिए 14 साल का वनवास किया था। उसी तरह तेजाजी महाराज गुजरी की गाय लुटेरों से वापस लेकर आए। सीकर के सांगलिया में पिछले साल जो कार्यक्रम हुआ था। उसकी गूंज लोकसभा तक चली थी। बेनीवाल ने कहा कि शेखवाटी यदि परिवर्तन के मूड में आ गया तो राजस्थान में परिवर्तन होगा। आने वाला समय राजस्थान में नौजवानों और किसानो का होगा। सीकर का जोश देखकर मुझे ऐसा लग रहा है कि तेजाजी महाराज मुझे कहीं नागौर की बजाय सीकर तो नहीं ले आए, जिस तरह तेजाजी वचन के पक्के थे। उसी तरह हनुमान बेनीवाल भी अपने वचन का पक्का है। सत्ता को छोड़कर भी कौम के लिए लड़ाई लड़ेगा। बेनीवाल ने कहा, विधानसभा में भी तेजाजी महाराज का नारा उन्होंने ही लगाया था। इसके बाद लोकसभा में भी जब उन्होंने तेजाजी महाराज का जयकारा लगाया, तब कई सांसदों ने उन्हें तेजाजी महाराज के बारे में पूछा। बेनीवाल ने कहा, राजस्थान में अन्य लोक देवताओं का इतिहास तो 400 से 500 साल पुराना है। लेकिन तेजाजी महाराज का इतिहास करीब 1000 साल पुराना है। जो 1000 साल पहले भी गायों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ते थे। सांसद बेनीवाल ने पिछले साल हुए कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा, जब पिछले साल इसी परिसर में एक लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे, जिसमें युवा और महिलाओं सहित सभी लोग शामिल थे।
किसानों के साथ लड़ाई हमने लड़ी, शेखावाटी मूड में आया तो राजस्थान में परिवर्तन होगा : बेनीवाल