गुवाहाटी : गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज तथा अस्पताल (जीएमसीएच) के न्यूरोसर्जरी विभाग में वृहस्पतिवार को मरीजों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करते हुए एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार डॉक्टर की पहचान गौरीपुर के प्रणवज्योति दास के रूप में हुई है। पुलिस सूत्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग में एकडॉक्टर अजीब तरह से एक मरीज का इलाज कर रहा था। घटना को मरीज के अभिभावकों ने देखा और उन्हें डॉक्टर के व्यवहार पर शक हुआ। मरीज के अभिभावक डॉक्टर के पास गए और शराब की गंध आने लगी। मरीज के माता-पिता ने डॉक्टर को शक की नजर से देखा तो डॉक्टर ने उसे गले में लटका हुआ पहचान पत्र दिखाया। पहचान पत्र में लिखा था, प्रणवज्योति दास, सहायक प्रोफेसर, न्यूरोसर्जरी विभाग, जीएमसीएच। रोगी के अभिभावक यह पुष्टि नहीं कर सके कि पहचान पत्र असली था या फर्जी। इसलिए उसने नर्स को सूचित किया। लेकिन नर्स भी रहस्यमय ढंग से खामोश रही। इतने में डॉक्टर ने वार्ड से निकल जाने की कोशिश की। लेकिन मरीज के अभिभावक ने कमरा बंद कर दिया और सुरक्षा गार्ड को बुला लिया। सुरक्षा गार्ड डॉक्टर को लेकर जीएमसीएच प्राचार्य के कार्यालय में गया। प्राचार्य अच्युत वैश्य ने जांच करके डॉक्टर का पहचान पत्र फर्जी पाया। उन्होंने तुरंत फर्जी डॉक्टर को भांगाघर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटना के संदर्भ में एक मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।