गुवाहाटी : मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का तेलंगाना दौरा सुखद नहीं रहा। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा तेलंगाना के भाग्यनगर में एक गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने को जा रहे थे,जहां उन्हें एक अप्रत्याशित स्थिति का सामना करना पड़ा। भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति की ओर से आमंत्रित  सीएम डॉ. शर्मा जब गणेश विसर्जन जुलूस के सार्वजनिक मंच को संबोधित कर रहे थे, वहीं एक शख्स ने अचानक हिमंत विश्वशर्मा के सामने से माइक्रोफोन छीनने की कोशिश की। इस घटना के कारण मंच पर हंगामा हो गया। मंच पर मौजूद अन्य लोगों ने उस व्यक्ति को तुरंत वहां से हटा दिया। यहां तक कि असम के मंत्री जयंत मल्लबरुवा, जो मुख्यमंत्री के पीछे खड़े थे ने भी उस व्यक्ति को धक्का देकर वहां से हटाने की कोशिश की।  हालांकि, सुरक्षा बलों ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन वह मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को संबोधित करके कुछ कहते हुए भी देखा गया।  दूसरी ओर टीआरएस के अन्य  तेलंगाना  में एक अतिथि मुख्यमंत्री को सार्वजनिक मंच पर असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जिससे देशभर में प्रतिक्रिया देखी गई है। हालांकि, तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (टीआरएस) के सदस्य के रूप में पहचाने जाने वाले व्यक्ति ने मंच से माइक्रोफोन   छीनने की कोशिश की तो मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को हंसते हुए देखा गया। गौरतलब है कि भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति की ओर से धर्माचार्य उदीपी पेजावार स्वामी को भी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। बताते चलें कि वृहस्पतिवार की शाम हैदराबाद पहुंचे हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार सुबह महालक्ष्मी मंदिर दर्शन किए और दोपहर में श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद हैदराबाद में मीडिया को संबोधित करते हुए  उन्होंने कहा कि सरकार केवल देश और प्रजा के लिए होनी चाहिए। सरकार कभी भी परिवार के लिए नहीं होनी चाहिए। देश में उदारवाद और कट्टरवाद है और इन दोनों के बीच देश में धुव्रीकरण हमेशा से है। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केसीआर भाजपा मुक्त भारत की बात बोलते हैं। उनके और हमारे बीच में अंतर है। वह बीजेपी को खत्म करना चाहते हैं। हम भारतीय राजनीतिक व्यवस्था से पारिवारिक राजनीति को खत्म करना चाहते हैं।   कोई भी सरकार कभी एक परिवार के लिए नहीं होनी चाहिए। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भाजपा मुक्त राजनीति की बात करते हैं।  आज भी हम हैदराबाद में चंद्रशेखर राव के बेटे-बेटियों की तस्वीरें देखते हैं। देश की राजनीति वंशानुगत राजनीति से मुक्त होनी चाहिए। इस बीच,मंत्री पीयूष हजारिका और मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने तेलंगाना में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से टीआरएस सदस्य  की ओर से माइक्रोफोन छीनने के प्रयास की निंदा की। पीयूष ने ट्विट करते हुए लिखा-क्या यहीं केसीआर सरकार की कार्यसंस्कृति है जहां किसी दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, इससे वहां की सरकार की सुरक्षा व्यवस्था की कलई खुल गई है,वहां जो भी हुआ, वह कानूनसम्मत नहीं है और शर्मनाक भी है।