ग्वालपाड़ा: ग्वालपाड़ा में स्थित 152वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा श्री सूर्या पहाड़ के विस्तृत प्रांगण में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ देव शंकर मिश्र, कमांडेंट-152 सीआरपीएफ द्वारा पौधा लगा कर किया गया। इस अभियान में 152वीं वाहिनी के जवानों के साथ-साथ श्री सूर्या पहाड़ समिति के सदस्यों ने उत्सुकता के साथ भाग लेकर पौधारोपण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजाति के कुल 2000 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर श्री मिश्र ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रकृृति से होने वाले विनाश का चित्रण हमारे दृष्टि के सामने बना रहता है जोकि हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए खतरे का संकेत है और वर्तमान में हम भूस्खलन, बाढ़, नदियों का मार्ग परिवर्तन, जंगली जानवरों का हिंसक रूप आदि का सामना कर रहे हैं, जिसे अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण कर नियंत्रण में लाया जा सकता है और हमें पूर्ण विश्वास है कि इस दिशा में जरूर सफलता मिलेगी और सभी देशवासियों को इस दिशा में एकजुट होकर कार्य करना होगा जिससे कि अपना वास्तविक स्वरूप खो चुकी प्रकृृति को पुनर्जीवित किया जा सके। हम अधिक संख्या में वृक्षारोपण कर प्रकृृति को नया स्वरूप प्रदान कर वन्य प्राणियों को अपने भोजन एवं आवास की उपलब्धता हासिल करने में सहयोग करना किसी परोपकार से कम नहीं होगा। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान देव शंकर मिश्र, कमांडेंट-152 बटा. सीआरपीएफ के साथ वी नारायणन उप. कमां, बाबू साहेब उप. कमां, श्री सूर्या पहाड़ समिति के सदस्य, अधिनस्थ अधिकारी, जवान एवं स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित थे।