कार्बी आंग्लांग : असम के पहाड़ी जिले कार्बी आंगलांग के बोकाजान में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस बार जिले के 36 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलाई पुलिस ने अभियान चलाकर एमएन-03- 0403 नंबर की एक नाइट सुपर बस से 14 सोने के बिस्कुट बरामद किए। साथ ही दो तस्करो को भी धर दबोचा। पकड़े गए दोनों सोना तस्करों की पहचान मणिपुर के थौबल जिले के मोहम्मद मोहिमऔर महम्मद मशार्दून के रुप में की गई। गिरफ्तार दोनों तस्कर सोने के इस खेप को मणिपुर से गुवाहाटी ले जा रहे थे। मगर इस बात की जानकारी कार्बी आंग्लांग के पुलिस अधीक्षक को मुखबिर के जरिए मिल गई थी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक पुष्प राज सिंह के निर्देश और बोकाजान के एसडीपीओ जॉन दास की देखरेख में जिले के बोकाजान महकमा अंतर्गत दिलाई के पुराना लाहोरीजान में एक नाका लगाकर गाड़ियों की तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दोरान उक्त बस के चालक और खलासी के जूते में छिपाकर रखे 14 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए जिनका वजन 2 किलो 323 ग्राम बताया गया। आज बरामद सोने का अंतर्राष्ट्रीय बाजार में मूल्य एक करोड़ तीस लाख से अधिक है। बहरहाल इनके खिलाफ दिलाई थाने में मामला दर्ज कर इनसे गहन पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि 23 घंटे के भीतर पुलिस की यह दूसरी बड़ी सफलता है। इसे पहले कार्बी आंगलांग पुलिस ने खटखटी में करोड़ों रुपए का मादक पदार्थों के साथ तस्करों को धर दबोचा था।
कार्बी आंग्लांग में दो किलो सोने के बिस्कुट बरामद, दो हिरासत में