गुवाहाटी : अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी)के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के सदस्य जयराम रमेश ने आज शुक्रवार को घोषणा की कि भारत जोड़ो अभियान,असम की शुरुआत पहली नवंबर से की जाएगी,यह यात्रा धुबड़ी से शुरू होकर सदिया में जाकर समाप्त होगी। इसमें एआईसीसी के नेता सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। यह पदयात्रा आठ सौ किलोमीटर लंबी होगी। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेन बरठाकुर को इसका संयोजक बनाया गया है। वरिष्ठ नेता रमेश ने उपरोक्त आशय की जानकारी आज यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी। मौके पर उपस्थिति पत्रकारों से गुफ्तगू करते हुए रमेश ने कहा कि राज्य में इस तरह की यात्रा आज से 23 साल पहले निवर्तमान प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रद्युत बरदलै के नेतृत्व में निकाली गई थी। रमेश ने कहा कि कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक जाने वाली भारत जोड़ो पदयात्रा कामयाबी के साथ आगे बढ़ रही है,जबकि सत्ताधारी भाजपा और उसके सहयोगी इस यात्रा को बदनाम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं निकाली गई है, बल्कि इसका उद्देश्य आर्थिक विषमता को दूर करने के लिए महंगाई को कम करने और बेरोजगारी की समस्या को दूर करने की है। इन दिनों सांप्रदायिक सौहार्द बुरी तरह प्रभावित है, इस सौहार्द को पुनः कायम करने के साथ देश को उन्नति के पथ पर अग्रसर करने और बूथ स्तर से देश स्तर पर मजबूत करना भी है। इस मौके पर रमेश ने कई बार मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की गतिविधियों पर सवाल उठाए और उनकी गतिविधियों को विध्वंसक करार दिया। उन्होंने कहा कि उनका काम तोड़ना है और हम अपने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जोड़ते रहेंगे। इस मौके पर एआईसीसी महासचिव दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जीतेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया सहित पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
भारत जोड़ो यात्रा, असम पहली नवंबर से होगी शुरू