कोलकाता : मजबूत नींव पर ही भव्य भवन का निर्माण हो सकता है। मारवाड़ी समाज हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है एवं यह शिखर यात्रा निरंतर जारी रहनी चाहिए। हमें सुंदर भविष्य का निर्माण करना है। यह बातें अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया ने सम्मेलन के केंद्रीय सभागार में आयोजित सम्मेलन की वार्षिक साधारण सभा में कहीं।  सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष श्री सीताराम शर्मा ने कहा कि आज की बैठक लाभ प्रद है। इतने लोगों के विचारों का आदान प्रदान हुआ। यही सम्मेलन है। सम्मेलन का यही मानना है कि ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ें , सभी प्रांत जुड़ें। सम्मेलन की रोजगार सहायता उपसमिति के तहत हजारों बच्चों को नौकिरियां दिलवाईं जा रही है। सम्मेलन की राजनैतिक उप समिति के तहत समाज की गरिमा बढ़ी है। शर्मा ने कहा कि सम्मेलन का मूल सिद्धांत समाज सुधार है। हमें इससे भटकना नहीं है। सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद राय अग्रवाल ने कहा कि वार्षिक साधारण सभा में इतने सारे लोग पहुंचे है।  यह अच्छा संकेत है। सम्मेलन दक्षिण भारत  के सभी प्रांतो तक फैल चुका है,पर हमें रूकना नहीं है। सम्मेलन को और बड़ा करना है,ताकि कभी कहीं भी समाज बंधुओ पर मुसीबत आये, किसी पर आंच आये तो हम सरकार एवं प्रशासन तक अविलम्ब अपनी बात रख सकें।