गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में विकास की गति को तेज करने के लिए असम सरकार की ओर से शुरू की गई विभिन्न विकास परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी दी।  उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को कलियाबर और जामुगुड़ी के बीच पानी के अंदर की सुरंग की स्थिति से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नवंबर में नई दिल्ली में होने वाले लाचित बरफुकन की 400वीं जयंती के समापन समारोह में आमंत्रित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल की उपस्थिति में सादिन-प्रतिदिन प्रकाशन समूह के अध्यक्ष जयंत बरुवा ने प्रधानमंत्री को असमिया शब्दकोश हेमकोश का पहला ब्रेल संस्करण प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि डॉ.हिमंत  विश्वशर्मा के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में बहुमुखी विकास हो रहा है। दिन-प्रतिदिन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन किया जा रहा है। समझा जाता है कि राज्य को विकास के पथ पर देखकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और  भाजपा के वरिष्ठ नेता सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के आला पदाधिकारी भी संतुष्ठ हैं। दूसरी ओर मुख्यमंत्री का कद राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ा है। ऐसे में सीएम की आज प्रधानमंत्री के साथ बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।