गुवाहाटी : असम और मिजोरम के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा मुद्दे को सुलझाने के लिए बुधवार को नई दिल्ली स्थित असम हाउस में मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा के साथ बैठक की। दोनों मुख्यमंत्रियों ने दोनों राज्यों के बीच सीमा मुद्दे को सुलझाने के लिए इस साल अगस्त में आइजोल में हुई मंत्रिस्तरीय वार्ता की समीक्षा की। गौरतलब है कि सीमा मुद्दे को सुलझाने के लिए राज्य के कृषि मंत्री अतुल बोरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ आइजोल में बैठक हुई थी। बैठक के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि आज की बैठक में मिजोरम में हुई पिछली बैठकों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में संतोषजनक प्रगति हुई है। उन्होंने ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद के समाधान की दिशा में विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आगे कहा कि दोनों राज्यों के बीच की सीमा समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्रीय समिति बनाकर मुद्दे को सुलझाने के लिए कोशिश की जाएगी।
असम-मिजोरम सीमा विवाद के समाधान के लिए नई दिल्ली में मुख्यमंत्री स्तर की बैठक