नई दिल्ली: अब क्रेडिट कार्ड को भी यूपीआई से लिंक किया जा सकेगा। इससे ट्रांजैक्शन करना ज्यादा आसान हो जाएगा। ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रूपे क्रेडिट कार्ड को यूपीआई नेटवर्क पर लांच किया। अभी तक यूपीआई नेटवर्क से केवल डेबिट कार्ड और अकाउंट लिंक किए जा सकते हैं। अभी तीन बैंकों पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक ने इसकी सुविधा दी है। पंजाब नेशनल बैंक के एमडी और सीईओ अतुल कुमार गोयल ने कहा है कि यूपीआई से क्रेडिट कार्ड लिंक करके यूपीआई पेमेंट करने के लिए किसी तरह का एमडीआर नहीं वसूला जाएगा। हालांकि इसका एक छोटा इंटरचेंज चार्ज वसूला जाएगा। ये कितना होगा अभी इसके बारे में जानकारी नहीं दी गई है। आरबीआई ने यूपीआई लाइट (यूपीआईलाइट) सर्विस भी लांच की है। यह कम वैल्यू के ट्रांजैक्शन के लिए होगा जो ऑन-डिवाइस वॉलेट की मदद से काम करेगा। यूपीआई लाइट की मदद से कस्टूमर बिना इंटरनेट के भी पेमेंट कर पाएंगे। यूपीआई लाइट से 200 रुपए तक की रकम को बिना इंटरनेट के ट्रांसफर किया जा सकेगा। इसके अलावा भारत बिल पेमेंट सिस्टम के तहत क्रॉस बॉर्डर ट्रांजैक्शन की भी सुविधा शुरू की गई है। आपको सबसे पहले कार्ड को यूपीआई ऐप में जोडऩा होगा। गूगल पे वेबसाइट के मुताबिक यूजर्स ऐप से बैंकों के डेबिट, क्रेडिट कार्ड जोड़ सकता है, बशर्ते वे वीजा और मास्टरकार्ड पेमेंट गेटवे पर ऑपरेट होता हो। एनपीसीएल द्वारा यूपीआई पेमेंट के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में यूपीआई के जरिए देश में कुल 10.72 लाख रुपए का लेनदेन किया गया है। यह आंकड़ा जुलाई के मुकाबले ज्यादा है। जुलाई में कुल 10.63 लाख करोड़ रुपए के लेनदेन यूपीआई के जरिए किए गए थे। अगस्त 2022 में कुल 657 करोड़, यानी 6.57 अरब बार यूपीआई से पैसों का लेनदेन किया गया।