गुवाहाटी : राज्य के समग्र विकास के लिए एक रोडमैप तैयार करने और इसके विकास में तेजी लाने के लिए एक खाका तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आध्यात्मिक नेता सद्गुुरु जग्गी वासुदेव के साथ शनिवार को काजीरंगा में तीन दिवसीय चिंतन शिविर का उद्घाटन किया। तीन दिनों तक चलने वाले इस चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री,कैबिनेट के मंत्रियों, राज्य के वरिष्ठ नौकरशाहों,अन्य राज्यों के नौकरशाहों, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि असम कभी बहुत समृद्ध राज्य था और इसकी राज्य की सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि राष्ट्रीय औसत से अधिक थी। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय भी राष्ट्रीय औसत से अधिक है। यद्यपि राज्य राष्ट्र के विकास में बहुत योगदान दे रहा है, लेकिन  पिछले 75 वर्षों में राज्य का विकास जितना होना चाहिए था उतना उत्साहजनक नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने भीषण भूकंप और उसके बाद आई बाढ़ और अन्य घटनाओं से हुई तबाही का जिक्र करते हुए कहा कि इन सबका लोगों के सामान्य मनोविज्ञान पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। हालांकि, केंद्र सरकार के सक्षम मार्गदर्शन के साथ वर्तमान राज्य सरकार ने एक बदलाव करते हुए कई गतिविधियों को शुरू किया है, जिसने राज्य के विकास को एक नई गति दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहले ही राज्य को एक मजबूत विकास पथ पर ले जाने के लिए एक यात्रा पर निकल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एक ऐसे दृष्टिकोण को प्रोत्साहित कर रही है जो जिम्मेदारी की भावना से उभरा है। मुख्यमंत्री ने सद्गुुरु को काजीरंगा में चिंतन शिविर को संबोधित करने के लिए आने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सद्गुुरु की बुद्धिमता और उनका विचार वास्तव में सरकार को राज्य में सामाजिक-सांस्कृतिक-आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण कथा को बनाने और बढ़ावा देने में मदद करेगा ताकि राज्य के सभी वर्गों में विकास के फैल सके। सद्गुरु ने चिंतन शिविर में सभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने ईशा फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व करने वाले सदगुरु के साथ राज्य सरकार की ओर से एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए। मिट्टी बचाओ आंदोलन पर हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन अनिवार्य रूप से कृषि प्रथाओं के लिए मिट्टी के सतत उपयोग पर राज्य का मार्गदर्शन करेगा। बाद में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने सद्गुुरु के साथ काजीरंगा के मिहिमुख में तीन गैंडे की मूर्तियों का अनावरण किया। गौरतलब है कि गैंडे की इन मूर्तियों को गैंडे के सींगों को जलाने से एकत्र की गई राख का उपयोग करके बनाया गया है।  उल्लेखनीय है कि 22 सितंबर 2021 को सरकार ने गैंडे के 2479 सींग के भंडार को शिकारियों और अवैध हॉर्न व्यापारियों को कड़ा संदेश देने के लिए कि गैंडे के सींगों का कोई औषधीय मूल्य नहीं है, आग की लपटों में डाल दिया था। इस प्रकार बनाई गई गैंडे की मूर्तियां उन लोगों के प्रयासों और समर्पण को अमर करने का एक प्रयास है जो निस्वार्थ रूप से असम के गौरव, महान एक सींग वाले गैंडे की रक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री ने सद्गुुरु के साथ इस मौसम के लिए पर्यटकों के लिए काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान भी खोला। इस अवसर पर सद्गुरु मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा के साथ एक जीप में बैठे मिहिमुख से जीप सफारी की शुरूआत की। इस मौके पर पर्यटन मंत्री जयंत मल्ल बरुवा भी मौजूद थे।