नई दिल्ली: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को सेवा निर्यातकों से कहा कि वे निर्यात बढ़ाने के लिए छोटी सब्सिडी या प्रोत्साहनों पर निर्भर रहें, बल्कि इसके बजाय वे प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को वैश्विक बाजारों का दोहन करने के लिए अपनी प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ाने और उसे मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए। गोयल ने कहा कि मामूली सहायता सब्सिडी और प्रोत्साहन से निर्यात के महत्वाकांक्षी लक्ष्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। यह कुछ सेवा क्षेत्रों और सरकार के बीच विवाद का बिंदु रहा है। वह सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (एसईपीसी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस क्षेत्र ने बार-बार भारत से सेवाओं के निर्यात की योजना (एसईआईएस) को जारी रखने की मांग की है। सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मैं रिकॉर्ड देखता हूं, जब एसईआईएस हुआ करता था, वास्तव में आपका निर्यात बिल्कुल नहीं बढ़ा था, बल्कि बहुत मामूली वृद्धि हुई थी। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि धीरे-धीरे मैं निर्यात प्रणाली से सभी सब्सिडी हटा रहा हूं क्योंकि यह हमारी प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करता है और हमें पीछे रखता है।