बंदरदेवा/तेजपुर : अरुणाचल प्रदेश में तवांग के निकट अग्रिम क्षेत्र में उड़ान भर रहा सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में एक पायलट की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी। रक्षा सूत्रों ने बताया कि नियमित उड़ान के दौरान सुबह करीब 10 बजे चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिससे दोनों पायलट घायल हो गए और उन्हें तुरंत नजदीकी सैन्य अस्पताल ले जाया गया। सूत्र ने यह बताते हुए खेद की है कि गंभीर रूप से घायल एक पायलट की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे पायलट का इलाज चल रहा है। इस स्तर पर दुर्घटना का कारण ज्ञात नहीं है। विवरण का पता लगाया जा रहा है। दूसरी ओर हमारे तेजपुर संवाददाता के अनुसार आज जहां एक ओर पूरे देश मे दशहरे का त्यौहार पूरे उत्साह, उमंग एवं उल्लास के साथ मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र से एक दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। तेजपुर स्थित रक्षा मंत्रालय के जन सम्पर्क अधिकारी ले. कर्नल अमरिंदर सिंह वालिया ने बताया कि आज सुबह करीब 10 बजे भारत चीन सीमा के करीब तवांग इलाके में सेना का एक चीता हेलीकाप्टरदुर्घटना ग्रस्त हो गया । इस दुर्घटना मे घायल दोनों पायलट को करीबी सेना के अस्पताल मे ले जाया गया, जहां एक पायलट को बचाया नहीं जा सका। गंभीर रूप से घायल दूसरे पायलट का इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
तवांग में सेना का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त पायलट की मौत, एक अन्य घायल