नई दिल्ली : दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना को पत्र लिखकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में छह हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। सिसोदिया ने इस संबंध में बुधवार को उपराज्यपाल को एक पत्र लिखकर यह मांग की। सिसोदिया ने उपराज्यपाल पर सरकार के कामों में ‘हस्तक्षेप’ करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ ‘फर्जी जांच’ कराने के लिए भी उन पर निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उन्होंने दो महीने पहले ही उपराज्यपाल को एमसीडी में भ्रष्टाचार के बारे में अवगत कराया था, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की। सिसोदिया ने कहा कि मैं आपका ध्यान एमसीडी में छह हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के संबंध में अपने पहले के पत्र की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। आपने उस मामले की सीबीआई जांच का आदेश नहीं दिया जो मैंने दो महीने पहले उठाया था। लेकिन, आप सरकार के कामों को रोकने के लिए फर्जी मामलों की जांच के आदेश देकर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं लेकिन आप एमसीडी में भ्रष्टाचार नहीं देख पा रहे हैं। सिसोदिया ने उपराज्यपाल को हिंदी में लिखे पत्र में कहा कि आप जनता के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय निर्वाचित सरकार के कार्यों में अवैध रूप से हस्तक्षेप कर रहे हैं। मैं आपसे एमसीडी घोटाले की सीबीआई जांच का आदेश देने का अनुरोध करता हूं। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि संविधान ने उपराज्यपाल को दिल्ली पुलिस के कामकाज को सुव्यवस्थित करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
सिसोदिया ने एमसीडी में छह हजार करोड़ के घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की