गुवाहाटी : असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के प्रवक्ता और बरपेटा के सांसद अब्दुल खालेक के अपने सांगठनिक पदों से इस्तीफा देने के कुछ घंटों के बाद कांग्रेस नेता और विधायक रकिबुल हुसैन ने भी रविवार को पार्टी के पदों से इस्तीफा दे दिया। खबरों के मुताबिक ये लोग कांग्रेस के पूर्व मंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए प्रचार करेंगे,जो शशि थरूर के साथ कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे हैं। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष भूपेन बोरा को लिखे एक पत्र में रकिबुल हुसैन ने कहा कि मैं कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के अभियान में भाग लेने के लिए पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं। इसी बीच नगांव के सांसद प्रद्युत बरदलै ने भी अभियान में भाग लेने के लिए पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले शनिवार को अब्दुल खालेक ने मल्लिकार्जुन खड़गे के अभियान में भाग लेने के लिए एपीसीसी के वरिष्ठ प्रवक्ता और पार्टी के अन्य सभी पदों से तत्काल प्रभाव से आधिकारिक रूप से इस्तीफा दे दिया था। गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को गुवाहाटी शहर में उतरेंगे।
खड़गे के प्रचार के लिए प्रद्युत, रकिबुल व खालेक ने संगठन के पदों से दिया इस्तीफा