सिलचर/करीमगंज : करीमगंज एक बार फिर असम पुलिस और बीएसएफ की एक संयुक्त सफलता का गवाह बना। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक करीमगंज पुलिस ने सोमवार देर रात शहर के पास न्यू करीमगंज रेलवे स्टेशन के बगल में बाबा होटल के सामने एक लॉरी में हेरोइन युक्त 764 साबुन के डिब्बे बरामद किए। इतनी बड़ी मात्रा में बरामद हेरोइन का वजन नौ किलो से अधिक है। साथ ही पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस, बीएसएफ के संयुक्त अभियान में जब्त की गई ड्रग की बाजार में कीमत 40 करोड़ रुपए से अधिक होगी। साथ ही एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्कर का नाम मुहिबुद्दीन है, उसका घर पाथारकांदी के कानाईबाजार है। पुलिस जांच कर कार्रवाई कर रही है। दूसरी ओर हमारे सिलचर संवाददाता के मुताबिक पुलिस और बीएसएफ की ओर से चलाए गए अभियान में संयुक्त टीम की ओर से ट्रक संख्या एएस-11-बीसी 7975 की तलाशी के दौरान 9.477 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन से भरे 764 साबुन ट्रक के केबिन की छत में बने कैविटी से जब्त की गई,जिसकी कुल कीमत लगभग 47.4 करोड़ रूपए आंकी गई। जब्त किए हुए मादक पदार्थ एवं ट्रक के साथ ट्रक चालक को करीमगंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। सीमा सुरक्षा बल सीमा प्रहरी की भूमिका अदा करने के साथ-साथ देश को आतंकवादी घटना एवं अवैध तस्करी करने वाले राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ कार्रवाई करने को संकल्पबद्ध है। a
करीमगंज : असम पुलिस और बीएसएफ के संयुक्त अभियान में 40 करोड़ से अधिक की हेरोईन जब्त