गुवाहाटी : गुवाहाटी में भाजपा की ओर से कथित तीन जगहों पर भवन बनाने को लेकर सत्ताधारी पार्टी भाजपा तथा मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच तर्क-वितर्क शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने यह कहकर   कर दी कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो वशिष्ठ में जल संसाधन विभाग की जमीन पर बनी भाजपा की छह मंजिली इमारत को तोड़ देगी। उनकी इस टिप्पणी के बाद गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) ने उनके खिलाफ नियमों का उल्लंघन करके मकान बनाने का एक नोटिस जारी कर दिया है। बोरा को भेजे गए एक नोटिस में कहा गया है कि उन्होंने गुवाहाटी स्थित घोड़ामारा चाराली निबिड़ रोड पर घर बनाते समय नियमों का उल्लंघन किया है। घोड़ामारा के भास्करज्योति कुमार व हीरेन भट्ट की शिकायत पर एपीसीसी अध्यक्ष को तीन दिनों के भीतर अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं मकान निर्माण की स्वीकृति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया है। गुवाहाटी के मेयर मृगेन शरणिया ने संवाददाताओं से कहा कि भूपेन बोरा के घर के निर्माण में काफी विसंगतियां हैं। उन्होंने बिना अनुमति के एक अतिरिक्त कमरा बनाया है। इस क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने सरकारी जमीन पर घर बनाया है। चूंकि हमें इस संबंध में शिकायतें मिली हैं, इसलिए हमने नोटिस जारी कर उनके पूरे घर के निर्माण के दस्तावेज मांगे हैं। यदि वे उस नोटिस के आधार पर कागजात जमा नहीं कराते हैं तो हम आगे की कार्रवाई करेंगे।  इस पर एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा ने मीडिया से कहा कि मुझे अपने नाम से गुवाहाटी नगर निगम से एक नोटिस मिला है, लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि गुवाहाटी में मेरे नाम से कोई जमीन है क्या? मुझे बताया गया कि मुझे अपने घर के दस्तावेज दिखाने चाहिए। यदि आप मुझसे बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्र के घर की जानकारी मांगते हैं तो मुझे आपको जानकारी देनी होगी। लेकिन मैं मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से पूछता हूं कि अगर जीएमसी आपकी पत्नी के नाम पर संपत्तियों के संबंध में नोटिस जारी करती है, तो क्या नोटिस आपके नाम पर जारी होगा या आपकी पत्नी के नाम पर? मैंने अपने वकील से भी यही सवाल पूछा है। क्या मेरी पत्नी के नाम पर संपत्ति के लिए मुझे जवाब देना है या मेरी पत्नी को?  मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं, आप बदले की आग में इतना क्यों जल रहे हैं, बदला लेने के लिए इतना क्यों बेताब  हैं।