मालीगांव : पूर्वोत्तर क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करने और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए पूर्वोत्तर सीमा रेल ने ट्रेन संख्या 12097/12098 (अगरतला-जिरिबाम-अगरतला) जनशताब्दी एक्सप्रेस की सेवाओं को मणिपुर के खोंगसांग तक और ट्रेन संख्या 02518/02517 (गुवाहाटी-कोलकाता-गुवाहाटी) एक्सप्रेस को अगरतला तक बढ़ाया है। इन ट्रेनों की सेवा को 13 अक्तूबर, 2022 को अगरतला रेलवे स्टेशन से राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा, त्रिपुरा के उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर त्रिपुरा सरकार के परिवहन, पर्यटन, कृृषि एवं किसान कल्याण मंत्री प्रणजीत सिंघा रॉय, लोकसभा सांसद रेबती त्रिपुरा और विधायक मिमी मजूमदार भी उपस्थित थें। इस अवसर पर पूसी रेल के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। 12097/12098 (अगरतला-जिरिबाम-अगरतला) जनशताब्दी एक्सप्रेस, जो त्रिपुरा और मणिपुर को जोड़ने वाली पहली सीधी ट्रेन सेवा थी, अब मणिपुर के खोंगसांग तक बढ़ा दी गई है, जो लगभग 55 किमी का खंड है। यह ट्रेन अगरतला और खोंगसांग के बीच सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। निर्माणाधीन जिरिबाम-इंफाल नई लाइन परियोजना के एक हिस्से के रूप में खोंगसांग स्टेशन का निर्माण किया गया है। इस नवनिर्मित स्टेशन के लिए यह पहली ट्रेन सेवा होगी। मणिपुर के एक वृहत क्षेत्र के लोग पहली बार अपने चिकित्सा, शिक्षा और अन्य जरूरतों के लिए इस ट्रेन से सफर कर सकेंगे। रेल मार्ग से यात्रा का समय जो कि 300 किमी की दूरी लगभग 07 घंटे में तय की जाएगी, वह सड़क मार्ग से यात्रा का समय, जो कि लगभग 15 घंटे है, से आधे से भी कम होगी। इस जनशताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए नवीनतम सुविधाओं के साथ नए लिंक हॉफमैन बुश कोच होंगे। इसके अलावा इस ट्रेन में एक विस्टाडोम कोच को भी जोड़ा गया है। मणिपुर राज्य में नई लाइन किसी इंजीनियरिंग चमत्कार से कम नहीं है। निर्माण कार्यों में दुर्गम इलाकों के कई सुरंगें और पुल शामिल हैं। संपूर्ण मार्ग खूबसूरत पहाड़ी क्षेत्रों से होकर गुजरता है। विस्टाडोम कोच के माध्यम से यात्री/पर्यटक इसे निहार सकते हैं। यह ट्रेन पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, मणिपुर और असम के लोगों को संपर्क प्रदान करेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। 02518/02517 (गुवाहाटी-कोलकाता-गुवाहाटी) एक्सप्रेस, जो कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चलती थी, अब सप्ताह में एक बार नई ट्रेन संख्या 02502/02501 (अगरतला-कोलकाता-अगरतला) एक्सप्रेस के साथ अगरतला तक विस्तारित किया गया है। यह ट्रेन बुधवार को अगरतला और कोलकाता के बीच चलेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अगरतला में यात्री ट्रेन सेवाओं को दिखाई हरी झंडी