जोरहाट : मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के असम को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के सपने को साकार करने में निदेशक सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी टीम पूरी तरह से जुट गई है। इसी कड़ी में आज सुबह निदेशक सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी टीम ने जोरहाट के पश्चिम राजस्व चक्र के एक भ्रष्ट लाट मंडल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार लंबे समय से मिल रही शिकायत के तहत आज जोरहाट पश्चिम राजस्व अंचल लाट मंडल मोहम्मद अब्दुल बाकी शेख को निदेशक  सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विरोधी टीम ने गिरफ्तार कर लिया। अभियानकारी दल ने शेख के लिचुबाड़ी के माणिक नगर में किराए के मकान में तलाशी चलाया। इससे पहले दल ने शेख को छह हजार रुपए घुस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया और तलाशी में पुलिस शेख के घर से 73,700 रुपए और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए। आरोप के अनुसार पश्चिम राजस्व मंडल लाट मंडल भूमि नामकरण के नाम पर एक व्यक्ति से रिश्वत की मांग की थी। बताया जाता है कि शेख धुबड़ी के बिलासीपाड़ा का मूल निवासी है, वहीं इस गिरफ्तारी की जानकारी असम पुलिस के विशेष पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने ट्वीट करके दी है। उल्लेखनीय है कि निदेशक सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विरोधी टीम की जोरहाट जिले में दूसरी छापेमारी की गई। इससे पहले विश्वकर्मा पूजा के दिन यानी गत 17 सितंबर को जोरहाट में मुख्यमंत्री सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाते हुए ड्रग इंस्पेक्टर जाह्नवी कलिता को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। आरोप के अनुसार नए मेडिकल की दुकान का लाइसेंस जारी करने के लिए महिला अधिकारी ने रिश्वत की मांग की थी। उस दौरान महिला अधिकारी के घर भी छापेमारी की गई, जहां अभियानकारी दल ने 7,73,700 रुपए नगदी बरामद हुए थे।