नई दिल्ली: दिवाली से पहले देशभर के 12 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में सोमवार यानी कल मोदी सरकार 2000 रुपए ट्रांसफर कर देगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को राजधानी के पूसा स्थित भारतीय कृृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) में पीएम किसान सम्मान सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को 16,000 करोड़ रुपए की राशि की 12वीं किस्त जारी करेंगे। केंद्रीय कृृषि मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। मोदी ने अपनी सरकार की आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर मई महीने में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त के रूप में 21,000 करोड़ रुपए जारी किए थे। मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 17 अक्तूबर को पीएम किसान सम्मान सम्मेलन 2022 नामक दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और किसानों और कृृषि स्टार्टअप, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं, बैंकर और अन्य हितधारक को संबोधित करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि पीएम किसान सम्मान सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से कृृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की पीएम-किसान नामक महत्वाकांक्षी योजना के तहत किसानों को 16,000 करोड़ रुपए राशि की 12 वीं किस्त जारी करेंगे।
आज करोड़ों किसानों के खाते में पीएम मोदी ट्रांसफर करेंगे 2000 रुपए