गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा की उपस्थिति में आज सोमवार को विकसित असम के सपने को साकार करने के उद्देश्य से अक्षय ऊर्जा, कौशल विकास, पर्यटन विकास एवं आतिथ्य उद्योगों की क्षमता को बढ़ाने के लिए सात समझौता ज्ञापन(एमओयू)पर हस्ताक्षर किए गए। उल्लेखनीय है कि असम सरकार की ओर से कौशल विकास मिशन (एएसडीएम) ने माइक्रोसॉफ्ट, गूगल इंडिया प्रा. लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड और हेल्थ केयर सेक्टर स्किल काउंसिल के साथ समझौते किए। इसके अलावा रोजगार एवं कारीगरी प्रशिक्षण निदेशालय ने इन्फो एज (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, जिसे नौकरी.कॉम के नाम से भी जाना जाता है के साथ एक समझौते को निष्पादित किया गया। असम पर्यटन विकास निगम ने भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय, टाटा कम्युनिटी इनिशिएटिव ट्रस्ट और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के टाटा स्ट्राइव स्किल डेवलपमेंट इनिशिएटिव्स के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया। इसके अलावा एपीडीसीएल ने 1000 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए सतलुज जल विद्युत निगम की ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के साथ एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किया गया। गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट के साथ हुआ समझौता राज्यभर में असम कौशल विकास केंद्रों में युवाओं की क्षमता विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। माइक्रोसॉफ्ट एमडीएसपी (माइक्रोसॉफ्ट डायवर्सिटी स्किलिंग प्रोग्राम) के अपने मॉड्यूल के माध्यम से कम सेवा प्राप्त युवाओं को कार्यबल में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। इसके अलावा गूगल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन का उद्देश्य युवाओं को नौकरी के लिए तैयार डिजिटल और व्यावसायिक कौशल के साथ कौशल प्रदान करने में असम सरकार की ओर से सहयोग करना है। इसके अलावा असम सरकार एल एंड टी के साथ समझौता ज्ञापन निर्माण क्षेत्र के तहत प्रशिक्षण सेटअप स्थापित करने और ग्रीन फील्ड परियोजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए हुआ है। हेल्थकेयर सेक्टर स्किल काउंसिल (एचएसएससी) के साथ समझौता ज्ञापन का उद्देश्य असम के बेरोजगार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के एक माह के भीतर बेरोजगार युवकों को कौशल प्रदान करने के साथ-साथ औद्योगिक रोजगार के लिए नियुक्ति प्रदान की जाएगी। एपीडीसीएल और एसजेवीएनएल ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एसजीईएल) के बीच समझौता ज्ञापन का उद्देश्य अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के अर्थात1000 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पन्न करना है। असम पर्यटन विकास निगम और टाटा स्ट्राइव स्किल डेवलपमेंट इनिशिएटिव्स और अन्य के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन राज्य के युवाओं के प्रशिक्षण के लिए उत्कृष्टता का एक आतिथ्य कौशल केंद्र भी स्थापित करेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर को महत्वपूर्ण अवसर बताया क्योंकि यह समझौता अक्षय ऊर्जा, कौशल विकास, पर्यटन और आतिथ्य उद्योगों में राज्य की क्षमता के दोहन में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि एमओयू से राज्य को एक विकसित असम के सपने को साकार करने में भी मदद मिलेगी, जो प्रधानमंत्री के पूर्वोत्तर को विकास के नए इंजन में बदलने के दृष्टिकोण के अनुरूप है। असम सरकार के साथ साझेदारी करने के लिए कंपनियों को धन्यवाद देते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि समझौता ज्ञापन असम के बहु-स्तरीय परिवर्तनकारी विकास के लिए एक रणनीतिक सहयोग बनाने का एक तरीका होगा। डॉ. शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार विकास को गति देने के लिए अपने विशाल मानव संसाधनों के कौशल को बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
विकसित असम का सपना होगा साकार : मुख्यमंत्री