देहरादून : उत्तराखंड के केदारनाथ में गरूड़चट्टी में मंगलवार को एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार छह श्रद्धालुओं समेत सात लोगों की मृत्यु हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं । प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने बताया कि करीब पौने बारह बजे हुई दुर्घटना में मरने वालों में पायलट भी शामिल है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के शिकार श्रद्धालु रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ मंदिर के दर्शन कर वापस आ रहे थे कि तभी केदारनाथ से दो किलोमीटर आगे रास्ते में उनके हेलीकॉप्टर में आग लग गयी । कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है लेकिन दुर्घटना संभवत: कोहरे के कारण कम दृश्यता के चलते किसी चीज से टकराने से हुई । दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल के साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन के दल भी बचाव कार्य के लिए घटनास्थलपर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि हादसे के शिकार श्रद्धालुओं की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पायलट की पहचान मुंबई के कैप्टन अनिल के रूप में हुई है । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है तथा घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उत्तराखंड नागरिक उडडयन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सचिव सी रविशंकर ने बताया कि हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।  नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उनका मंत्रालय स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि केदारनाथ में हेलीकॉप्टर दुर्घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम नुकसान की भयावहता का पता लगाने के लिए राज्य सरकार के संपर्क में हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में शामिल हेलीकॉप्टर ‘आर्यन एविएशन’ द्वारा संचालित किया जा रहा था। नागर विमानन महानिदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक सूचना के मुताबिक बेल 407 हेलीकॉप्टर वीटी-आरपीएन केदारनाथ से लौट रहा था और संभवत: खराब मौसम की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। दूसरी ओर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड के केदारनाथ में मंगलवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट में मुर्मू ने कहा कि केदारनाथ धाम के पास हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पायलट सहित कई तीर्थयात्रियों के निधन का समाचार बहुत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। दूसरी ओर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उत्तराखंड के केदारनाथ में मंगलवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट में धनखड़ ने कहा कि उत्तराखंड के केदारनाथ में आज हेलीकॉप्टर दुर्घटना में लोगों का निधन बहुत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।  वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के केदारनाथ में मंगलवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक ट्वीट के मुताबिक मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ है।