गुवाहाटीः असम पुलिस के अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने असम पुलिस भर्ती में कथित विसंगतियों के सिलसिले में सोमवार को कम से कम आठ लोगों को गिरफ्तार किया। मंगलवार को उन्हें दो दिन की सीआईडी रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आठ लोगों की पहचान अब्दुल रहमान, समर दास, जावेद अहमद, फिरोज अहमद, इस्माइल हुसैन, दिलदार अल हुसैन, अशोक बर्मन और अनिर्बान दास के रूप में की गई। सीआईडी ने सोमवार को करीब 100 उम्मीदवारों को पूछताछ के लिए बुलाया  गया था और करीब 54 उम्मीदवारों ने अपने बयान दिए थे। सीआईडी पहले असम पुलिस भर्ती के दौरान 400 से अधिक उम्मीदवारों की ओर से फर्जी दस्तावेज जमा करने के आरोपों की जांच कर रही है। कुल 414 उम्मीदवार ऐसे थे,जिनके पास भर्ती प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से अविश्वसनीय जानकारी थी और इस संबंध  में मामला दर्ज किया गया था। राज्य पुलिस की जांच एजेंसी ने पहले उन आवेदकों की उम्मीदवारी की फिर से जांच शुरू कर दी है जिन्होंने अपनी भर्ती के दौरान कथित तौर पर गलत जानकारी दी थी। उम्मीदवारों को विभाग द्वारा पुनः सत्यापन के लिए अपने योग्यता प्रमाण पत्र फिर से जमा करने के लिए कहा गया था, इससे पहले विचाराधीन उम्मीदवारों ने सीआईडी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि उनकी ओर से जमा कराए गए सभी दस्तावेज असली थे। विभाग ने पहले सूचित किया था कि परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कई उम्मीदवारों के कंप्यूटर प्रमाण पत्र भी संदिग्ध पाए गए थे। सूत्रों ने बताया कि नगांव जिले के धिंग से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, गिरफ्तार लोगों के ब्योरे का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है। जांच से पता चला कि उन्होंने भर्ती के लिए उपस्थित होने के दौरान कथित तौर पर फर्जी कंप्यूटर प्रमाण पत्र जमा किए हैं। उन्होंने कथित तौर पर आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि धिंग के एक कॉलेज के एक कंप्यूटर ऑपरेटर ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए थे।