बीजिंग : चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को पांच साल के कार्यकाल के लिए रविवार को रिकार्ड तीसरी बार ‘कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना’ (सीपीसी) का महासचिव चुना गया और इसी के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया। वह पार्टी संस्थापक माओ त्से तुंग के बाद सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के ऐसे पहले नेता हैं, जिन्हें तीसरा कार्यकाल मिला है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वह जीवन पर्यंत चीन में सत्ता पर काबिज रहेंगे। शी (69) को केंद्रीय समिति ने रविवार सुबह महासचिव चुना। पांच साल में एक बार होने वाले महासम्मेलन (कांग्रेस) में एक दिन पहले इस समिति का गठन किया गया था। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, जिनपिंग को रविवार को आयोजित समिति के पहले पूर्ण सत्र में सीपीसी की 20वीं केंद्रीय समिति का महासचिव चुना गया। जिनपिंग की अध्यक्षता वाले सत्र में सीपीसी केंद्रीय समिति के 203 सदस्यों और 168 वैकल्पिक सदस्यों ने भाग लिया। जिनपिंग को सत्र में केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) का अध्यक्ष भी नामित किया गया। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के जनरल झांग यूशिया और हे वीदोंग को सीएमसी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सीएमसी के अन्य सदस्यों में शीर्ष सैन्य अधिकारी ली शांगफू, लियू जेनली, मियाओ हुआ और झांग शेंगमिन शामिल हैं । वे नौसेना और रॉकेट फोर्स सहित सेना की विभिन्न शाखाओं का नेतृत्व करेंगे। पहले के कार्यकाल की तरह शी सीएमसी के एक मात्र असैन्य सदस्य हैं। केंद्रीय समिति ने 24 सदस्यीय राजनीतिक ब्यूरो को भी स्वीकृत किया, जिसने सात सदस्यीय स्थायी समिति का चयन किया। इस समिति के सदस्य शी समर्थक हैं। मीडिया से मुखातिब होने के लिए देश को चलाने वाली सबसे शक्तिशाली संस्था स्थायी समिति के सदस्य शी के पीछे चल कर ग्रेट हॉल में पहुंचे और इसका राष्ट्रीय मीडिया पर सीधा प्रसारण किया गया। शी ने कहा कि मुझे सीपीसी केंद्रीय समिति के महासचिव के तौर पर फिर से चुना गया है।’’ उन्होंने समिति के छह अन्य सदस्यों से सबका परिचय कराया, जिसमें से दो पूर्ववर्ती समिति में भी शामिल थे। समिति के छह अन्य सदस्यों में ली कियांग, झाओ लेजी, वांग हुनिंग, सिया म्ी, डिंग शुएशियांग और ली शी शामिल हैं। झाओ और वांग दोनों पूर्ववर्ती समिति के भी सदस्य थे। शंघाई सीपीसी के प्रमुख ली कियांग (63) को शी का करीबी सहयोगी माना जाता है और व्यापक रूप से ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें मार्च में प्रधानमंत्री बनाए जाने की उम्मीद है। झाओ लेजी (65) ने 2017 से केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग का संचालन किया है, जो भ्रष्टाचार और अन्य गड़बड़ी को रोकने के लिए पार्टी की बहुचर्चित संस्था है। हुनिंग (62) 2017 से पोलिब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य हैं। उन्हें शी के सबसे महत्वपूर्ण सलाहकारों में शामिल माना जाता है। सिया म्ी समिति के नए सदस्य हैं। उन्हें पार्टी के अहम बुद्धिजीवियों में गिना जाता है। डिंग 2017 से जनरल ऑफिस के प्रमुख है। वह पार्टी में सबसे महत्वपूर्ण नौकरशाहों में शामिल हैं। ली शी (66) को भी समिति का सदस्य बनाया गया है। उन्हें लेजी के बाद केंद्रीय अनुशासन समिति का अध्यक्ष भी नामित किया गया है। इसके अलावा एक अन्य उल्लेखनीय अधिकारी जिन्हें राजनीतिक ब्यूरो का सदस्य बनाया गया है, उनमें विदेश मंत्री वांग यी हैं, जो पहले केंद्रीय समिति के सदस्य थे।
जिनपिंग ने रचा इतिहास, सत्ता में रिकार्ड तीसरी बार वापसी