गुवाहाटी : असम पुलिस की विजिलेंस एंड एंटी करप्शन (वीएंडएसी) विंग ने असम सिविल सेवा (एसीएस) रैंक के एक अधिकारी किसान कुमार शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। साथ ही उनके आवास से 49.24 लाख रुपए नकद बरामद किया। पुलिस ने बताया कि राज्य सरकार के गृह एवं राजनीतिक विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत शर्मा को शुक्रवार रात एक सुरक्षा फर्म के लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार   किया गया। असम पुलिस के विशेष महानिदेशक (वीएंडएसी) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक शिकायत के बाद विंग ने सुरक्षा फर्म लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए शिकायतकर्ता से लगभग 90,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जीपी सिंह, विशेष डीजीपी ने ट्वीट कर बताया कि केके शर्मा को पकड़ने और गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस एंड एंटी करप्शन टीम द्वारा उनके आवासीय परिसर की ली गई तलाशी के दौरान 49 लाख 24 हजार 700 रुपए नगद बरामद किया गया। इस मामले में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।