गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा ने केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के साथ सोमवार को गुवाहाटी महानगर स्थित नेहरू स्टेडियम में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एक दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गौरतलब है कि नेहरू स्टेडियम से शुरू हुए रन फॉर यूनिटी में छात्रों, खेल हस्तियों, खेल प्रेमियों, आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पुलिस बलों के कर्मियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। डॉ. शर्मा ने दौड़ के प्रतिभागियों को एकता की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस महान व्यक्ति ने अपने दृढ़ संकल्प और निर्णायक नेतृत्व के साथ अखंड भारत की नींव रखी। उल्लेखनीय है कि इस महान आत्मा की जयंती के उपलक्ष्य में पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है और इसके तहत राज्य के 35 जिलों में 3500 स्थानों पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की एकता, सद्भाव और सुरक्षा की भावना से युवा मन को जगाने के लिए पूरे देश में यह दिवस मनाया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से महान एकीकरणकर्ता सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने और अखंड भारत के विचार को मजबूत करने और बढ़ावा देने में योगदान देने का भी आह्वान किया। लौह पुरुष के जीवन पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल एक स्पष्ट नेतृत्व वाले, शक्तिशाली और ईमानदार व्यक्ति थे जिन्होंने 1942 में अंग्रेजों के खिलाफ शुरू किए गए सत्याग्रह आंदोलन के दौरान एक निर्णायक नेतृत्व दिया। इसके परिणामस्वरूप महात्मा गांधी ने उन्हें सरदार की उपाधि से अलंकृत किया। जटिल परिस्थितियों में भी सरदार पटेल व्यावहारिक और निर्णायक निर्णय लेते थे जो उनके कुछ विशिष्ट लक्षण थे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लॉर्ड माउंटबेटन ने भी सरदार पटेल की सराहना की जिन्होंने देश के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गौरतलब है कि भारत के पहले गृह मंत्री पटेल को 560 से अधिक रियासतों को भारत संघ में विलय करने का श्रेय दिया जाता है। इस अवसर पर मौजूद केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग आदि मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी एक एकीकृत भारत बनाने की दिशा में सरदार पटेल की भूमिका पर बात की। उन्होंने सभी से सरदार वल्लभ भाई पटेल की विचारधारा का अनुकरण करने और एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान देने की भी अपील की। इस अवसर पर हथकरघा और कपड़ा मंत्री उर्खाव गौरा ब्रह्म, राज्यसभा सांसद भुवनेश्वर कलिता, महापौर जीएमसी मृगेन सरानिया और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना