वांकानेर (गुजरात): आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि मोरबी केबल पुल की मरम्मत करने वाले लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि 30 अक्तूबर की शाम इस केबल पुल के टूटने से 130 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। केजरीवाल ने यह भी कहा कि अगर गुजरात में आप की सरकार बनती है तो वह मोरबी में विशाल पुल का निर्माण कराएंगे। गुजरात में मोरबी जिले के वांकानेर कस्बे में ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान केजरीवाल ने कहा कि अगर ‘डबल इंजन’ वाली भारतीय जनता पार्टी को फिर से जनादेश मिलता है तो मोरबी पुल हादसे जैसी दुर्घटनाएं भविष्य में भी होंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मोरबी में जो कुछ हुआ, बहुत दुखद था। हादसे में मरने वाले 150 लोगों में 55 बच्चे थे। वे आपके बच्चे हो सकते थे। जो कुछ हुआ, बहुत दुखद था, लेकिन उससे भी दुखद है कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।’ ब्रिटिश राज में तत्कालीन शासक द्वारा मोरबी में मच्छु नदी पर बनवाए गए इस ‘झूला पुल’ (केबल पुल) के टूटन से 135 लोगों की मौत हुई है। आप के राष्ट्रीय समन्वयक ने सवाल किया, ‘आप उन्हें बचाने का प्रयास क्यों कर रहे हैं? आपका उनके (हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के) साथ कोई संबंध है क्या?  हादसे के शिकार पुल की मरम्मत करने वाले ओरेवा समूह और उसके मालिक का नाम प्राथमिकी में नहीं है।’