गुवाहाटी/कार्बी आंग्लांग : राज्य के कार्बी आंगलांग जिला मुख्यालय डिफू में डेंगू से अब तक तीन लोगों की मौत हो गई है और तीन सौ अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं। डेंगू के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने डिफू में आगामी 12 नवंबर तक सभी शिक्षण संस्थान को बंद करने की घोषणा की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार डिफू में डेंगू का भयावह सक्रमण फैल गया है। डेंगू से अब तक तीन लोगों की मौत हुई है और संक्रमित तीन सौ से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं जिनकी इलाज की जा रही है। उन्होंने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए आईएएस अधिकारी डॉ. एमएस लक्ष्मीप्रिया डिफू शहर में डेरा डाले हुए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राज्य मिशन की निदेशक आईएएस डॉ.एमएस लक्ष्मीप्रिया ने डेंगू की रोकथाम के अभियान के साथ ही स्थिति की समीक्षा करने के लिए रविवार सुबह से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारी ने बताया कि डिफू में डेंगू के दैनिक मामलों की संख्या बढ़ने से राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग चिंतित हैं। डिफू शहर के 14 वार्डों के लिए एक मजिस्ट्रेट, एक डॉक्टर, 10 से 30 नर्सें, आशा कर्मी सहित नौ समूह घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं कि क्या बुखार से कोई पीड़ित तो नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि मौके पर रक्त परीक्षण करने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञों की एक टीम भी गई है। डिफू मेडिकल कॉलेज में 18 आईसीयू बेड हैं, लेकिन उनकी संख्या बढ़ाकर 51 कर दी गई है। आसपास के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को डेंगू रोगियों के लिए तैयार रखा गया है। उन्होंने बताया कि डिफू में डेंगू के 308 लोग संक्रमित हुए हैं। तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इस आंकड़े में निजी अस्पतालों या पड़ोसी राज्य नगालैंड के डिमापुर के अस्पतालों में इलाज करा रहे या हुई मौतों की संख्या शामिल नहीं हैं। डॉ.लक्ष्मीप्रिया ने मीडिया को बताया कि निजी अस्पतालों के आंकड़ों की भी गिनती के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि हम स्थिति से निपटने के हर संभव कदम उठा रहे हैं। लोगों के इससे डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि डिफू मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त टेस्ट कीट सहित सभी जरूरी उपकरण एवं दवाइयां मौजूद हैं। उल्लेखनीय है कि डेंगू के खतरे के मद्देनजर राज्य सरकार की ओर से आगामी 12 नवंबर तक डिफू के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है।
कार्बी आंग्लांग बना डेंगू का हॉटस्पॉट डिफू में बढ़े खतरे, तीन लोगों की मौत