नई दिल्ली : ट्विटर पर सत्यापन के बाद जारी किए जाने वाले बैज ‘ब्लू टिक’ के लिए भारत में उपयोगकर्ताओं से हर महीने शुल्क लेने की शुरुआत एक महीने से भी कम समय में हो सकती है। सोशल मीडिया मंच के नए मालिक उद्योगपति एलन मस्क ने यह कहा है। इस महीने की शुरुआत में मस्क ने कहा था कि ट्विटर पर सत्यापन के बाद जारी किए जाने वाले ‘ब्लू टिक’ बैज के लिए उपयोगकर्ताओं को हर महीने आठ डॉलर का शुल्क देना होगा। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क ने लंबे विवाद के बाद गत 27 अक्टूबर को 44 अरब डॉलर में ट्विटर का अधिग्रहण किया था।  उन्होंने इस सोशल मीडिया मंच की कमान संभालते ही कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पराग अग्रवाल और कानूनी मामलों एवं नीति प्रमुख विजया गड्डे समेत चार शीर्ष अधिकारियों को निकाल दिया था।  इसके बाद ट्विटर ने दुनिया भर में बड़े पैमाने पर छंटनी के हिस्से के रूप में भारत में भी अपने 200 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। मस्क ने अब कहा है कि भारत में एक महीने के भीतर ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए हर माह शुल्क लगाने की उम्मीद की जा सकती है। मस्क ने एक ट्विटर उपयोगकर्ता के भारत में ट्विटर ब्लू सेवा शुरू होने के समय के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में ट्वीट किया कि उम्मीद है, एक महीने से भी कम समय में।  हालांकि, भारत में इसका मूल्य तय करने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। एक ब्लू टिक यह दर्शाता है कि कोई खाता सत्यापित है क्योंकि यह सरकार, समाचार, मनोरंजन या किसी अन्य निर्दिष्ट श्रेणी में उल्लेखनीय है।  दूसरी ओर दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क ने माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर खरीदने के बाद कंपनी में कई बदलाव किए हैं। अब हाल ही में ट्विटर ने एक नए फीचर की अनाउंसमेंट की है। दरअसल, ट्विटर यूजर्स को अपने ट्वीट्स में लॉन्ग-फॉर्म टेक्स्ट ऐड करने के लिए एक नया फीचर जल्द ही लॉन्च करेगा। इस बात की जानकारी एलन मस्क ने खुद ट्वीट कर दी है। मस्क ने ट्वीट कर लिखा कि ट्विटर जल्द ही ट्वीट्स में लंबे-चौड़े टेक्स्ट को अटैच करने के लिए एक नया फीचर ऐड करेगा, जिससे नोटपैड स्क्रीनशॉट्स का यूज खत्म हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद सभी टाइप के कंटेंट के लिए क्रिएटर मोनेटाइजेशन भी किया जाएगा। इस पर एक यूजर ने मस्क को ट्वीट किया कि यूट्यूब क्रिएटर्स को एडवरटाइजिंग रेवेन्यू का 55 प्रतिशत देता है। मस्क ने जवाब दिया- ‘हम इससे ज्यादा दे सकते हैं।’ एक दूसरे ट्वीट में मस्क ने ट्विटर के सर्च फीचर पर कटाक्ष किया और कहा कि अब यह भविष्य में और बेहतर होगा। उन्होंने आगे कहा कि सर्च विदइन ट्विटर मुझे 98 में इंफोसीक की याद दिलाता है, अब यह भी पहले से बहुत बेहतर होगा। ट्विटर इन दिनों ‘ट्विटर आर्टिकल्स’ फीचर पर काम कर रहा है। यह सुविधा यूजर्स को लंबे टेक्स्ट के साथ ट्वीट पोस्ट करने की अनुमति देगा। फिलहाल, ट्विटर यूजर्स को ट्वीट करने के लिए 280 कैरेक्टर्स की लिमिट देता है। अभी यूजर्स लंबी पोस्ट शेयर करने के लिए थ्रेड्स सुविधा का इस्तेमाल करते हैं। ट्विटर ने नवंबर 2021 में एक रीडर फीचर की भी अनाउंसमेंट की थी, जो लंबे थ्रेड्स को पढ़ना आसान बनाता है।