अगरतलाःअगले साल होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी क्रम में इन चुनावों से पहले सोमवार को असम के सीएम डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने त्रिपुरा का दौरा किया। यहां एक कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए असम के सीएम ने बड़ा दावा किया। सीएम हिमंत ने कहा कि अगर दुनियाभर की सभी राजनीतिक पार्टियां त्रिपुरा आ जाएं तो भी यहां भाजपा को जीतने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) त्रिपुरा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 60 में से 55 सीटें जीतकर दूसरी बार सत्ता में आएगी। भाजपा के ‘बूथ विजय अभियान’ की शुरुआत करने के कार्यक्रम में शामिल होने अगरतला पहुंचे शर्मा ने कहा कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार ने 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले लोगों से जो वादा किया था, महामारी के बावजूद उससे कहीं अधिक काम किया है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने असम में पहला विधानसभा चुनाव जीता था, तो दिल्ली के लोगों ने इसे आकस्मिक घटना करार दिया था। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि जब भाजपा ने असम में दूसरे कार्यकाल के लिए जीत दर्ज की, तो दिल्ली के लोगों ने स्वीकार किया कि पार्टी ने पूर्वोत्तर में अपना स्थायी आधार मजबूत कर लिया है। इस बार, पार्टी दो और राज्यों - मेघालय और नगालैंड- के साथ त्रिपुरा में जीत हासिल करेगी। बता दें कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा पूर्वोत्तर जनतांत्रिक गठबंधन के संयोजक भी हैं। अगरतला में असम के मुख्यमंत्री शर्मा ने रवींद्र भवन में भाजपा के बूथ विजय अभियान में कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनाव की तैयारियों को लेकर मूलमंत्र दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत तय है। यहां भाजपा को कोई नहीं हरा सकता। भले की भाजपा के खिलाफ पूरी दुनिया की राजनीतिक पार्टियां ही क्यों ना आ जाएं। इससे पहले सोमवार सुबह राजधानी अगरतला में एमबीबी हवाई अड्डे पर त्रिपुरा के सीएम डॉ. माणिक साहा ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनपर फूलों की बारिश की गई। गौरतलब है कि असम के सीएम की ये त्रिपुरा यात्रा का राजनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। उनके इस दौरे को 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा द्वारा अपने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। मालूम हो कि त्रिपुरा में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह को पहले ही चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जो असम असम में इस भूमिका को निभा चुके हैं।
राज्य के 55 सीटों पर जीत का किया दावा