बेगूसराय/ मुंगेर : बेगूसराय में कार्तिक पूर्णिमा को लेकर आज सिमरिया और झमटिया गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा भाव से गंगा स्नान के बाद गंगा की पूजा अर्चना कर रहे हैं। साथ ही साथ कुछ भक्तों के द्वारा सिद्धि की भी प्राप्ति की जा रही है। जिससे आप तस्वीरों में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस तरह गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। और गंगा स्नान कर रहे हैं। हालांकि आज चंद्रग्रहण का भी संयोग बन रहा है। अतः गंगा घाटों पर यह भीड़ आज देर रात तक रहेगी। इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन एवं स्थानीय स्तर पर समाजसेवियों के द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि लोग सुरक्षित गंगा स्नान कर सकें। बताते चलें कि इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है। कार्तिक मास की अंतिम तिथि है। धर्म-शास्त्रों में सभी मास में कार्तिक माह सर्वश्रेष्ठ और पवित्र माना गया है। कार्तिक की पूर्णिमा विशेष तौर पर खास मानी जाती है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, दीपदान और व्रत कर भगवान विष्णु की पूजा से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। विष्णु पुराण के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर ही भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। यह श्रीहरि का पहला अवतार माना जाता है। माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन जो भक्त पूरी श्रद्धा भाव से पूजा करते हैं, उन्हें अपनी सभी समस्याओं से राहत मिलती है। यहां तक कि जन्म कुंडली में मौजूद दोषों को भी इस दिन पूजा करके दूर किया जा सकता है। दुसरी ओर कार्तिक पूर्णिमा को लेकर मंगलवार के अहले सुबह से ही मुंगेर शहर के कष्टहरनी घाट बबुआ घाट, सोझी घाट सहित शहर के विभिन्न गंगा घाटों में श्रद्धालुओं की गंगा स्नान के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। मान्यता है कि आज ही के दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लेकर त्रिपुरासुर राक्षस का भगवान शिव के साथ मिलकर वध किया था। आज ही के दिन भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार का जन्म हुआ था। आज ही के दिन तुलसी का भी अवतरण हुआ था ।आज के दिन गंगा स्नान कर तुलसी के सामने दीप जलाकर दीप दान करने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। इसलिए श्रद्धालु गंगा स्नान कर लक्ष्मी मां को प्रसन्न करने के लिए दीपदान भी कर रहे हैं। इस संबंध में मुंगेर जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य अविनाश कुमार शास्त्री ने बताया कि आज का दिन कई मायनों में खास है। आज ही के दिन भगवान विष्णु का मत्स्य अवतार, मां तुलसी का अवतरण हुआ था। आज के दिन श्रद्धालु सुबह-सुबह कुश हाथ लेकर गंगा स्नान कर दीपदान करने से जीवन खुशहाल रहता है। इसके अलावा आज दान का भी विशेष महत्व है।