गुवाहाटी : राज्य के देउरी स्वायत्तशासी परिषद चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी व अगप को 22 में से (11+1) सीटों पर जीत मिली है। इस जीत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता ने मतदाताओं का आभार प्रकट करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि राज्य के विभिन्न जिलों तथा चार उप-मंडलों में फैली देउरी स्वायत्तशासी परिषद के 22 निर्वाचन क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों में गत आठ नवंबर को मतदान हुआ था। आज सुबह से वोटों की गिनती आरंभ हुई और शाम तक नतीजे घोषित कर दिए गए। असम राज्य चुनाव आयोग के अनुसार भाजपा गठबंधन 12 सीटों पर अपना परचम लहराने में सफल हुआ है, जबकि कांग्रेस को दो, जननायक जनता पार्टी को सात और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है। जीत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा है कि देउरी परिषद के चुनाव में शानदार जीत ने राज्य सरकार के विकास और असम की जनता की प्रतिबद्धता पर एक बार फिर से मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा है कि परिषद के मतदाताओं को हम पर भरोसा करने के लिए आभार प्रकट करता हूं, साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने देउरी परिषद में भाजपा व उसके घटक दल की जीत को राज्य में स्थापित सुशासन की जीत बताई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कलिता ने कहा कि देउरी समाज ने हमारी सरकार पर जिस प्रकार से विश्वास जताया है, उस विश्वास पर पार्टी और सरकार खरा उतरेगी। उन्होंने कहा कि देउरी परिषद निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के व्यापक विकास के लिए भारी समर्थन दिया है।
देउरी स्वायत्तशासी परिषद चुनाव में भाजपा का परचम