चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व राज्यपाल एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धनिक लाल मंडल का निधन हो गया है। वह 90 वर्ष के थे। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंडल के निधन पर शोक व्यक्त किया। मंडल ने रविवार को अंतिम सांस ली थी। दत्तात्रेय ने ट्वीट किया, ‘हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल के निधन की खबर सुन काफी दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और उनके समर्थकों के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ओम शांति।’ मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि मंडल को हमेशा एक कुशल राजनेता, प्रशासक और एक सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर याद किया जाएगा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘ हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल के निधन का समाचार अत्यन्त दुःखद है। एक कुशल राजनेता, प्रशासक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।’ मंडल 1990 से 1995 तक हरियाणा के राज्यपाल थे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।