भोपालः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना ही उनके सशक्तिकरण का प्रभावी तरीका है। मुर्मू ने यहां महिला स्वयं सहायता समूहों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए महिलाओं की अधिकतम भागीदारी की जरूरत है। राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता महिलाओं को सशक्त बनाने का एक प्रभावी तरीका है। आर्थिक और सामाजिक आत्मनिर्भरता एक दूसरे के पूरक हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में स्वयं सहायता समूह प्रभावी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में चार लाख से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समूहों में महिलाओं की अधिक भागीदारी से अर्थव्यवस्था, समाज और देश को मजबूती मिलेगी। राष्ट्रपति ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को एक जन आंदोलन बनाने का विचार सराहनीय है। मुर्मू ने कहा कि भारत को एक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए महिलाओं की अधिकतम भागीदारी आवश्यक है। हमें एक ऐसा वातावरण बनाना है जिसमें महिलाएं स्वतंत्र और निडर महसूस करें और अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर सकें। राष्ट्रपति ने महिलाओं से एक-दूसरे को प्रेरित करने और मदद करने, एक-दूसरे के अधिकारों के लिए एकसाथ आवाज उठाने और प्रगति के पथ पर एकसाथ बढ़ने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह महिलाओं को एकसाथ लाने के लिए अच्छे मंच हैं।