डिजिटल डेस्क: ब्रिटेन और भारत के बीच व्यापार समझौते को लेकर यूके के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बड़ा बयान दिया है। ऋषि सुनक ने कहा है कि वह इस डील के लिए अभी समय चाहते हैं, जिससे सभी चीजें ठीक से की जाएं इंडोनेशिया के बाली में आयोजित हो रही जी-20 समिट के दौरान एक अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि वह भारत के साथ व्यापार समझौते के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन इसके लिए थोड़ा समय चाहते हैं, जिससे डील को ठीक तरह से किया जाए। ऋषि सुनक ने कहा कि उनका एक ही नजरिया है कि जल्दबाजी के चक्कर में गुणवत्ता की कुर्बानी नहीं दी जा सकती है। गौरतलब है कि भारत और ब्रिटेन ने जनवरी में फ्री ट्रेड डील पर चर्चा की थी, जिसे इसी साल दिवाली तक लागू करना था। उस समय बोरिस जॉनसन ब्रिटेन की सत्ता संभाल रहे थे। लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया और ब्रिटेन में राजनीतिक अस्थिरता काफी बढ़ गई। जिसके बाद भारत और ब्रिटेन की यहडील अटकती चली गई. बोरिस जॉनसन के बाद लिज ट्रस ने भी प्रधानमंत्री का पदभार संभाला लेकिन उनका कार्यकाल ही काफी छोटा रहा।वह महज 45 दिनों तक ही ब्रिटेन की पीएम रह पाईं। अब जब ऋषि सुनक ने ब्रिटेन सरकार की कमान संभाली तो ट्रेड डील को लागू करने की आशा फिर से जग गई है।
ब्रिटेन और भारत के बीच व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री ऋषि का बड़ा बयान