नई दिल्लीः मंदी को लेकर छिड़ी बहस के बीच भारत समेत वैश्विक स्तर पर कंपनियां कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। इस बीच, अब फूड एग्रीगेटर जोमैटो ने भी कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। जोमैटो  की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कंपनी अपने कर्मचारियों के 3 प्रतिशत तक की छंटनी करेगी। आपको बता दें कि जोमैटो  के पास लगभग 3,800 कर्मचारी हैं। कोरोना की पहली लहर में जोमैटो ने अपने वर्कफोर्स के 13 फीसदी या 500 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की थी। जोमैटो  में छंटनी की ताजा खबर ऐसे समय में आई है जब कंपनी के मैनेजमेंट में लगातार इस्तीफे हो रहे हैं। बीते शुक्रवार को ही कंपनी के को-फाउंडर मोहित गुप्ता ने अपने पद को छोड़ दिया था। बीते कुछ दिनों में जोमैटो के मैनेजमेंट में यह तीसरा इस्तीफा है। इसी सप्ताह कंपनी के न्यू इनिशिएटिव हेड राहुल गंजू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके अलावा इंटरसिटी लीजेंड्स सर्विसेज के हेड सिद्धार्थ झावर ने एक सप्ताह पहले कंपनी छोड़ दी थी। जोमैटो  के शेयर बिकवाली के दौर से गुजर रहे हैं। बीते शुक्रवार को यह 67.15 रुपए पर था। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर में 0.89 फीसदी की गिरावट है। ऑल टाइम हाई 162 रुपए के स्तर से यह शेयर 50 प्रतिशत से अधिक गिर चुका है। वैश्विक स्तर पर आईटी समेत दूसरे सेक्टर में छंटनी हो रही है। फेसबुक की पैरेंट कंपनी-मेटा ने 11000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की बात कही थी। इसके अलावा एमेजान, ट्विटर और माइक्रोसॉफ्ट समेत कई कंपनियां छंटनी कर रही हैं।