पटना : बिहार में अब बाइक डॉक्टर दिखेंगे। आप एप के माध्यम से डॉक्टरी परामर्श से लेकर तमाम तरह की जांच की बुकिंग कर सकेंगे। इतना ही नहीं, दवाएं भी मंगा सकेंगे। उद्योग विभाग ने जिन 31 स्टार्ट-अप को हाल ही में सहायता प्रदान की है, उनमें हेल्थकेयर प्लेटफार्म पर ऐसे कई इनोवेटिव स्टार्टअप भी शामिल हैं। बाइक डॉक्टर एवं डिजिटल फार्मेसी एप के साथ-साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा के स्टार्टअप को भी सरकार ने इस योजना के तहत राशि उपलब्ध कराई है।दुर्गम इलाके के लिए बाइक डाक्टर : पटना के एक फर्म का स्टार्ट-अप है बाइक डॉक्टर। आइडिया यह है कि दुर्गम इलाके में रहने वाले लोगों को उनके घर तक बाइक से डॉक्टर को पहुंचाया जाए। इसके साथ आपदा के समय टेलीमेडिसीन की सुविधा हर क्षेत्र में उपलब्ध कराई जाएगी।  वहीं रोहतास के नासरीगंज का एक फार्म स्टार्ट-अप एप के माध्यम से डिजिटल प्राइमरी हेल्थकेयर प्लेटफार्म उपलब्ध कराना चाहता है। इस प्लेटफार्म पर प्रोफेशनल स्पेशलिस्ट डॉक्टर, उच्च स्तरीय डायग्नोस्टिक, एक क्लिक पर दवा तथा टेली-कंसलटेशन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एप पर जाकर कोई भी व्यक्ति चिकित्सकों की बुकिंग करा सकता है। कंसलटेशन के बाद संबंधित मरीज को फोन पर उसे दवा और जांच आदि के बारे में बताया जाएगा। इस एप पर किसी भी शहर के विशेषज्ञ चिकित्सक और 24 घंटे एंबुलेंस की सेवा उपलब्ध होगी।