डिजिटल डेस्क:दिल दहला देने वाले श्रद्धा वालकर हत्याकांड में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं, और अब दो साल पहले श्रद्धा द्वारा महाराष्ट्र की तुलिंज पुलिस को दी गई लिखित शिकायत सामने आई है, जिसमें श्रद्धा ने साफ-साफ कहा है कि आरोपी आफताब अमीन पूनावाला उसे जान से मार डालेगा, और उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर फेंक देगा। इस शिकायत में श्रद्धा ने यह भी कहा है कि वह अब आफताब के साथ नहीं रहना चाहती।

23 नवंबर, 2020 को श्रद्धा ने पुलिस को लिखे खत में कहा था, "आफताब मुझे पीटता है, और आज उसने दम घोंटकर मुझे मार डालने की कोशिश की""वह (आफताब) मुझे पिछले छह महीने से मारता-पीटता आ रहा है, और मुझे जान से मार डालने और टुकड़े-टुकड़े कर देने की धमकी देता है।

"फिर श्रद्धा ने और एक खत में लिखा "अब तक मुझमें पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं आई थी, और आफताब की हरकतों के बारे में आफताब के माता-पिता भी जानते थे, जो हर वीकेन्ड पर हमसे मिलने आया करते थे।

"दो साल पहले दी गई शिकायत में यह भी कहा था,"अब तक उसके (आफताब के) साथ इसलिए रही, क्योंकि हम शादी करने वाले थे। लेकिन अब मैं उसके साथ नहीं रहना चाहती।"

खत में अंत में श्रद्धा ने साफ-साफ लिखा था, "मुझे कोई भी शारीरिक नुकसान हो, तो उसके लिए आफताब को ही दोषी माना जाना चाहिए।"