गुवाहाटी : नई दिल्ली के असम हाउस में बुधवार दोपहर 3 बजे से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया के सामने इसके फैसलों की घोषणा  करते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता और मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने कहा कि कैबिनेट की बैठक पहली बार राज्य के बाहर दिल्ली में आयोजित की गई। लाचित बरफुकन की 400वीं जयंती के अवसर पर नई दिल्ली में सभी मंत्रियों की मौजूदगी के कारण कैबिनेट की बैठक नई दिल्ली में आयोजित   की गई। कैबिनेट की बैठक में एक हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने कहा कि राज्य में 2000 नए आंगनबाड़ी केन्द्र आवासों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर 25-25 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। कैबिनेट ने इस परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपए के व्यय को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने फैसला लिया कि तिताबर में एक रेशम कॉलेज स्थापित किया जाएगा। महाविद्यालय की अधोसंरचना निर्माण हेतु 22.41 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। कैबिनेट ने जोंगाल बलहू हेरिटेज साइट के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए की मंजूरी दी। कैबिनेट ने उत्तरी गुवाहाटी के गौरीपुर में टी जंक्शन परियोजना के लिए 332.59 करोड़ रुपए की मंजूरी दी। राष्ट्रीय सड़क के टी-जंक्शन पर 6 लेन सड़क, दो पुल और कनेक्टिंग रोड का निर्माण किया जाएगा। कैबिनेट बैठक में 2023 वर्ष के लिए सार्वजनिक अवकाशों की सूची को अनुमोदित किया गया। कैबिनेट ने व्यावसायिक चाय बागानों को प्रोत्साहित करने के लिए कई विशेष महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए । सरकार इस संबंध में एक एसओपी जारी करेगी। वन क्षेत्र से सात किलोमीटर के दायरे के बाहर व्यावसायिक पेड़ों को काटने के लिए वन विभाग को 48 घंटे के भीतर अनुमति देनी होगी।