पटना : आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि लोकसभा चुनाव 2024 वह अकेले लड़ेंगे। इससे बिहार के सीएम नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम को तगड़ा झटका लगा है। केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि वे बीजेपी को हराने का लक्ष्य रखने वाले किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होंगे। दूसरी ओर, नीतीश कुमार आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा विरोधी सभी दलों को एकजुट करने में लगे हैं। दरअसल, आप संयोजक केजरीवाल ने हाल ही में एक टीवी इंटरव्यू में अपनी आगामी रणनीति को लेकर खुलासा किया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे 2024 में किसी गठबंधन में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें गठबंधन की राजनीति समझ में नहीं आती है। जब भी गठबंधन की या विपक्षी एकजुटता की बात आती है तो, उसका मकसद बीजेपी को हराना ही होता है। बीजेपी या किसी भी अन्य पार्टी को हराने या जिताने का काम जनता करती है, नहीं की कोई दल। केजरीवाल ने आगे कहा कि अगर हम सभी इकट्ठा हो जाएं और जनता के सामने जाकर ये कहें कि हमें भाजपा को हराने के लिए वोट दो, अगर जनता भाजपा को हराना नहीं चाहती तो हमें स्वीकार नहीं करेगी। केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि बीजेपी को हराने के लिए बने किसी भी गठबंधन में वे शामिल नहीं होंगे। अगर देश की तरक्की के लिए कोई गठबंधन बनता है तो वे उसके साथ हैं। अरविंद केजरीवाल के इस बयान से नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम को झटका माना जा रहा है। बिहार में बीजेपी का साथ छोड़कर महागठबंधन से हाथ मिलाने वाले नीतीश ने लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर देशभर के विपक्षी दलों को एकजुट करने का संकल्प लिया।
अरविंद केजरीवाल की एकला चलो रे रणनीति नीतीश की विपक्षी एकता की मुहिम को झटका