कोच्चि : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को कहा कि वह पार्टी की केरल इकाई में किसी से परेशान या नाराज नहीं हैं तथा उन्हें किसी से बातचीत करने में कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि हम बालविहार में नहीं, जहां एक दूसरे से बातचीत करने की मनाही हो। ‘ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस’ के प्रदेश स्तर सम्मेलन में हिस्सा लेने यहां आए तिरुवनंतपुरम के सांसद थरूर ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने पार्टी में किसी के विरुद्ध कुछ नहीं बोला है, न ही उसके (पार्टी के) निर्देश के विरुद्ध कुछ किया, ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि क्यों ऐसा विवाद खड़ा किया गया है। उन्होंने कार्यक्रम से पहले संवाददाताओं से कहा कि मैं किसी से परेशान या नाराज नहीं हूं। मैंने किसी को दोषी नहीं ठहराया है या किसी पर आरोप नहीं लगाया है। मेरी तरफ से कोई शिकायत या मुद्दा नहीं है। मुझे सभी को एक जैसा देखने में कोई दिक्कत नहीं है और मुझे किसी से बातचीत करने में कोई परेशानी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरण से बातचीत करेंगे, तब उन्होंने कहा कि वह (सुधाकरण) स्वस्थ नहीं हैं और वह वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भाग लेंगे। सतीशन के बारे में उन्होंने कहा कि यदि हमारी कार्यक्रम स्थल पर भेंट होती है तो हम मिलेंगे। उन्होंने सवाल किया कि यदि वे मुझसे बात करेंगे तो मैं क्यों नहीं बात करूंगा? हम बालविहार में थोड़े ही हैं कि एक-दूसरे से बातचीत नहीं करें। लेकिन यदि एक वक्त पर एक ही जगह पर हम नहीं हैं तो हम कैसे एक-दूसरे से बातचीत करेंगे।
पार्टी में किसी से परेशान या नाराज नहीं हूं : थरूर